शराब कांड की जांच रिपोर्ट 18 जनवरी को सरकार को सौंपेगी कमिटी
ग्वालियर
एमपी के मुरैना में जहरीली शराब से 24 लोगों की मौत हुई है। इस मामले में गठित कमिटी ने जांच शुरू कर दी है। कमिटी में शामिल लोग जांच के लिए आज ग्वालियर पहुंचे। जहरीली शराब से बीमार लोगों से अधिकारियों ने ग्वालियर में पूछताछ की है। तीन सदस्यीय दल का नेतृत्व गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा कर रहे हैं। उन्होंने शराब नीति में बदलाव के भी संकेत दिए हैं।
ग्वालियर में मीडिया से बात करते हुए राजेश राजौरा ने कहा कि घटना बहुत दुखद है। घटना के बाद से सरकार बहुत गंभीर है, प्रयास किए जाएंगे कि अवैध शराब की बिक्री ना हो और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले । उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि सरकार शराब नीति में बदलाव कर सकती है, धारा 34,49 A में संशोधन किया जा सकता है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री रोकी पर रोक लगेगी।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि जहरीली शराब से हुई घटना में जांच के दौरान कई तथ्य सामने आये हैं। वे अपनी रिपोर्ट 18 जनवरी को सरकार को सौंपेंगे। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा ने ग्वालियर में जयारोग्य अस्पताल में भर्ती जहरीली शराब के पीड़ितों से मुलाकात की है। साथ ही उनसे बात की है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन को बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।

पाठको की राय